जबलपुर। जबलपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “गड़ा हुआ सोना” बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा के फरीदाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 55 लाख रुपये नगद, 84 ग्राम की असली सोने की गिन्नी, करीब 20 किलोग्राम सोने जैसी दिखने वाली नकली गिन्नियां और 11 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पन्नालाल राठौर (60), धर्मेंद्र राठौर (34), वीरेंद्र राठौर (30) और रामदेवी राठौर (52) के रूप में हुई है। सभी आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद जिले के थाना आदर्श नगर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित और शातिर थी। वे इलाज कराने या मजदूरी करने के बहाने लोगों से संपर्क बढ़ाते थे और फिर उन्हें यह विश्वास दिलाते थे कि खुदाई के दौरान उन्हें भारी मात्रा में “गड़ा हुआ सोना” मिला है। भरोसा जीतने के लिए आरोपी पहले असली सोने की एक गिन्नी सैंपल के तौर पर देते थे। जब पीड़ित सुनार से उसकी जांच करवाकर संतुष्ट हो जाता, तब आरोपी उसे बाजार भाव से कम कीमत पर भारी मात्रा में सोना बेचने का लालच देते थे। सौदा तय होने के बाद वे बैग में नकली सोना भरकर करोड़ों रुपये लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस जांच में ठगी की तीन प्रमुख घटनाएं सामने आई हैं। इनमें आरोपी वीरेंद्र ने सोनू प्रजापति बनकर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की ठगी की। इसी गिरोह ने एक अन्य व्यक्ति को झांसे में लेकर 50 लाख रुपये हड़प लिए। वहीं, सबसे बड़ी वारदात में आरोपियों ने 12 किलो नकली सोना थमाकर 1 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी झांसी में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे जबलपुर के पनागर क्षेत्र में किराए का मकान लेकर वहीं से अपने ठगी के नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है। इस कार्रवाई को जबलपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।


