सिवनी – सूने घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नाबालिग आरोपियों को डूण्डासिवनी पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील मेहता के निर्देशन में जिलेभर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी श्री सचिन परते के मार्गदर्शन में डूण्डासिवनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले का खुलासा किया।
🔹 घटना का विवरण:
दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जनता नगर निवासी रामदयाल यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर सोना-चांदी के जेवर और नगदी पार कर दी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 175/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
🔹 तेजी से कार्रवाई, चंद घंटों में खुलासा:
थाना प्रभारी चैनसिंह उइके के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। मुखबिरों की सूचना और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी करना कबूल कर लिया।
🔹 बरामदगी:
आरोपियों के पास से चोरी गया सामान बरामद किया गया, जिसमें—
सोने का मंगलसूत्र
सोने की सात पत्ती
चांदी की एक जोड़ी पायल
चांदी के कंगन
चांदी की बिछिया
🔹 न्यायालय में पेश:
तीनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
🔹 सराहनीय भूमिका:
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी चैनसिंह उइके के नेतृत्व में सउनि निसार खान, संजय बघेल, प्रधान आरक्षक उमेश्वरी चौधरी, आरक्षक नितेश राजपूत, विक्रम देशमुख, कृष्णकुमार भालेकर, हिमेन्द्र सहारे, रवि धुर्वे, अंशुमन राजपूत, मिथलेश सूर्यवंशी एवं रघुराज यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


