जबलपुर। बरगी थाना पुलिस ने “5 करोड़ रुपये मिलने” का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 20 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, बरगी निवासी पवन कुमार पटेल (33) ने 11 अप्रैल की रात थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने साथी चेतराम सरोते के साथ सीमेंट लेने के लिए बाइक से निगरी जा रहे थे। इस दौरान खमरिया तिराहा के पास उन्हें एक व्यक्ति बाबा के भेष में मिला, जिसने खुद को भूखा बताते हुए पैसे मांगे। इसके बाद उसने कथित तौर पर “मंत्र” पढ़ते हुए पवन को झांसे में लिया और 5 करोड़ रुपये मिलने का लालच देकर उसके पास मौजूद 28 हजार रुपये अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद आरोपी पहले से खड़ी एक बलेनो कार में सवार होकर अपने साथी के साथ सिवनी की ओर भाग निकले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और सिवनी पुलिस को अलर्ट किया गया।
नाकाबंदी के दौरान सिवनी जिले के आदेगांव पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नवीन नाथ (हरियाणा) और विक्रम नाथ (नोएडा, उत्तर प्रदेश) बताया तथा ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने ठगी की रकम में से कुछ खर्च कर दी थी, जबकि शेष 20 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार के झांसे और अंधविश्वास से बचें तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को दें।


