जबलपुर। शहर के मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर एक विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायरमैन जगदीश सिंह के अनुसार, रविवार 19 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे 33 केवी और 11 केवी लाइन से जुड़े ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया गया।
दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए लगभग 35 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।


