जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बार फिर कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अमन केवट को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रक्षक नगर कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है और उसके कब्जे से 12 बोर का देसी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
थाना प्रभारी उमेश गोलहानी के अनुसार, अमन केवट के खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली सहित 17 गंभीर अपराध दर्ज हैं। हाल ही में जेल से छूटने के बाद वह फिर से सक्रिय हो गया था और इलाके में गैंग बनाकर दहशत फैलाने की योजना बना रहा था।
पुलिस को उसकी गतिविधियों की पहले से जानकारी थी और उस पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में मिलने पर पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों व ठिकानों की पहचान की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


