जेसीबी की मदद से निकाले गए शव, पुलिस जुटी जांच में
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार सुबह एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में पलट गया। जिसके नीचे दबने के कारण चार दोस्तों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सभी मृतक पड़ोसी जिले डिंडौरी के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार डिंडौरी जिले के करंजिया थाना क्षेत्र के ग्राम भीमकुंडी से चार दोस्त ट्रैक्टर लेकर गिट्टी (क्रेशर) लेने के लिए अनूपपुर के पौनी गांव आ रहे थे। सुबह करीब 6 बजे करन पठार थाना क्षेत्र के ठाड़ पाथर के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर पलट गया।हादसा इतना भीषण था कि चारों ट्रैक्टर और ट्रॉली के नीचे दब गए थे। शवों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद लेना पड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची। ट्रैक्टर का इंजन और हिस्सा युवकों के ऊपर ही पलट गया था, जिसके कारण उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगवाई और भारी मशक्कत के बाद दबे हुए शवों और ट्रैक्टर को गड्ढे से बाहर निकाला गया।
अनूपपुर पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि सभी मृतक डिंडौरी के थे। जिसमे से एक नाबालिग था।
मृतकों में 24 वर्षीय अंकुश उइके ट्रैक्टर चालक और मालिक, 18 वर्षीय ब्रजेश पेंदो,18 वर्षीय रवींद्र कुमार गोयल एवं 17 वर्षीय प्रकाश मार्को सभी निवासी भीमकुंडी। सुबह-सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही भीमकुंडी गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरा गांव सदमे में है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।


