सिवनी से मोहगांव तक सैकड़ों लाइटें लगीं, लेकिन चालू नहीं—रिंग रोड पर बढ़ा खतरा
सिवनी : सिवनी से मोहगांव तक राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटें केवल दिखावा बनकर रह गई हैं। सैकड़ों की संख्या में लगाए गए ये पोल और लाइटें अब तक चालू नहीं हो पाई हैं, जिससे शाम ढलते ही पूरा मार्ग अंधेरे में डूब जाता है।
छिंदवाड़ा रोड पर बनी रिंग रोड की स्थिति और भी चिंताजनक है, जहां दोनों ओर स्ट्रीट लाइटें होने के बावजूद रात में घना अंधेरा छा जाता है। सिवनी से कलबोड़ी, सुकतरा होते हुए मोहगांव तक यही हाल देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। वहीं, करोड़ों रुपये खर्च कर लगाए गए इन लाइटों का उपयोग न होना विभागीय लापरवाही को उजागर करता है।
लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि सड़क पर आवागमन सुरक्षित हो सके।


