सिवनी – सिवनी जिले के गोपालगंज में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में स्थानीय विधायक दिनेश राय मुनमुन ने उपस्थित होकर कक्षा 6वीं से 9वीं तक नवप्रवेशी छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया। विधायक के हाथों साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच हरिशंकर साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य हेमंत कुमार मरावी ने कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की आवश्यकताओं से विधायक को अवगत कराया, जिस पर विधायक ने 300 छात्रों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही छात्रों के लिए शौचालय निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य हेमंत कुमार मरावी ने विधायक सहित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।


