May 7, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पत्नी के मायके जाने से नाराज युवक चढ़ा 150 फीट ऊंचे टावर पर, ढाई घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

कोरबा 05 मई । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी के मायके जाने से नाराज एक युवक करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। इस दौरान युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा करीब ढाई घंटे तक चलता रहा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह पूरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम करमंदी की है। जानकारी के अनुसार, करमंदी निवासी मुकेश सांडे का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी को मनाने की कई कोशिशों के बावजूद जब वह वापस नहीं लौटी, तो सोमवार शाम युवक नशे की हालत में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
ग्रामीणों की नजर जब युवक पर पड़ी तो वे दंग रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टावर की अधिक ऊंचाई के कारण युवक से सीधे संवाद करना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने मोबाइल के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवक बात करने को तैयार नहीं था और बार-बार करंट वाले तार को छूने की कोशिश कर रहा था।
काफी मशक्कत के बाद थाना प्रभारी ने युवक को बातचीत के लिए तैयार किया। युवक ने शर्त रखी कि जब तक उसकी पत्नी वापस घर आने के लिए तैयार नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा और जान दे देगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक की पत्नी से संपर्क किया। पत्नी ने भी शर्त रखी कि भविष्य में विवाद नहीं करने पर ही वह घर लौटेगी।
पत्नी की सहमति मिलने के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। करीब ढाई घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारा और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग फिल्मी सीन से इसकी तुलना कर रहे हैं। पुलिस ने युवक को समझाइश देते हुए भविष्य में ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी है।

 

अन्य ख़बरें

परसवाड़ा में आयोग सदस्य भगत सिंह नेताम का भव्य स्वागत, बैठक

Newsdesk

बैहर में प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित नामांकन, साइकिल, छात्रवृत्ति एवं पुस्तक वितरण की प्रगति की हुई समीक्षा

Newsdesk

कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघिन-शावकों की मौत पर खुलासा, संक्रमित कुत्तों से जंगल पहुंचा वायरस

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading