मुंबई, 7 मई । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का हेलीकॉप्टर गुरुवार को रास्ता भटक गया। हालांकि, हेलीकॉप्टर के पायलट ने समय रहते सावधानी बरती और उसे मोड़कर जुहू स्थित पवन हंस हेलीपैड लाया गया, जहां हेलीकॉप्टर की सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई गई। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और उपमुख्यमंत्री शिंदे समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। यह घटना ठाणे के ग्रामीण इलाके की बताई जा रही है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुरुवार को अपने पार्टी पदाधिकारियों के परिवार के एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए मुंबई से मुरबाद जा रहे थे। उनका हेलीकॉप्टर दोपहर 3:30 बजे महालक्ष्मी रेस कोर्स स्थित हेलीपैड से मुरबाद के लिए रवाना हुआ। हालांकि, जैसे ही हेलीकॉप्टर ऐरोली पहुंचा, पायलट ने सामने से तूफान आते देखा।
इससे पहले 28 जनवरी को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पुष्टि की कि विमान में सवार अजित पवार समेत सभी छह यात्रियों की मौत हो गई। उपमुख्यमंत्री अजित पवार जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चल रहे चुनावों के बीच जनसभा में शामिल होने के लिए मुंबई से बारामती जा रहे थे। उनका विमान बारामती के पास लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह दुर्घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। बताया गया था कि विमान बारामती के एक एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान कंट्रोल से बाहर हो गया और क्रैश हो गया। क्रैश के बाद विमान में आग लग गई। अजित पवार और दो क्रू मेंबर समेत कुल छह लोग प्लेन में सवार थे। जानकारी के अनुसार, विमान में सवार कोई भी व्यक्ति दुर्घटना में जीवित नहीं बचा था।


