हत्या की आशंका पर जांच तेज
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बापूनगर स्थित खेरमाई मंदिर के पास जंगल में बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह जंगल की ओर गए स्थानीय लोगों ने पेड़ के नीचे युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत लगभग 10 से 12 घंटे पहले हुई होगी। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है।
घटनास्थल की स्थिति और शव पर मिले निशानों को देखते हुए मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक की पीठ पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट या किसी आपराधिक घटना की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
सीएसपी रांझी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल क्षेत्र सुनसान होने के कारण यहां अक्सर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां देखी जाती हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास मिले संभावित सुरागों को जुटाया जा रहा है।


