मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में मकान के सामने गड्ढा खोदने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बलवाड़ा थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में हुए इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सखाराम राठौर और उनके पड़ोसी राजेश राठौर के बीच मकान के सामने गड्ढा खोदने की बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरों, लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हमले में दोनों परिवारों के 11 लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए बलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए खरगोन और इंदौर के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
बलवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव के अनुसार, सखाराम राठौर की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ और राजेश राठौर की शिकायत पर नौ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कुछ दिन पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, जिसे आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था। हालांकि पुराने तनाव के चलते विवाद एक बार फिर बढ़ा और हिंसक झड़प में बदल गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


