July 3, 2026
सी टाइम्स
क्राइमप्रादेशिक

खरगोन पुलिस की अवैध हथियार तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 12 देशी पिस्टल और 8 मैगजीन जब्त

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 12 देशी पिस्टल और 8 मैगजीन जब्त की हैं। दोनों मामलों में पुलिस अब हथियारों की सप्लाई चेन और खरीदारों की तलाश में जुट गई है।

खरगोन पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि भगवानपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिकलीगर समुदाय का एक युवक अवैध हथियार बेचने के लिए निकलने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह लौवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और पिपल्या बावड़ी रोड पर घेराबंदी की गई।

घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजपाल सिंह गुरबचन सिंह सिकलीगर, उम्र 21 वर्ष, निवासी नवलपुरा बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 10 देशी पिस्टल और 7 अतिरिक्त मैगजीन बरामद की गईं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसका रिमांड मिला है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हथियार बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र के उमरठी गांव से लेकर आया था।

इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में खलटाका चौकी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी सुमित पांचाल, उम्र 20 वर्ष, को अवैध हथियारों के परिवहन के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि सेंधवा से इंदौर जा रही एक बस में एक व्यक्ति हथियार लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी सुमित पांचाल के बैग से दो देशी पिस्टल और एक अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हरियाणा में आर्म्स एक्ट और मारपीट का मामला पहले से दर्ज है।

पुलिस दोनों मामलों को अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर देख रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से तैयार किए गए, किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। पुलिस जल्द ही इस मामले में और खुलासे कर सकती है।

अन्य ख़बरें

गुजरात के साणंद में सेमीकंडक्टर निर्माण को मिलेगी नई रफ्तार, पीएम मोदी 4 जुलाई को करेंगे सेमी ओएसएटी प्लांट का उद्घाटन

Newsdesk

‘आम महोत्सव’ में सीएम योगी बोले, केमिकल-मुक्त उत्पाद वैश्विक बाजार में बनाएंगे पहचान

Newsdesk

लैपटॉप खरीदने की बात पर पति-पत्नी में विवाद, पत्नी पर चाकू से हमला करने का आरोप

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading