सिहोरा। छिंदवाड़ा-पांढुर्णा लोकसभा क्षेत्र के सांसद विवेक बंटी साहू के नेतृत्व में निकाली जा रही छिंदवाड़ा से मैहर स्थित मां शारदा धाम तक की धार्मिक पदयात्रा का शुक्रवार को सिहोरा में भव्य स्वागत किया गया। पनागर से सिहोरा पहुंची पदयात्रा का नगर के प्रवेश द्वार पहरेवा नाका (मनसकरा) पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर गर्मजोशी से अभिनंदन किया। पूरे मार्ग में मां शारदा के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
स्वागत कार्यक्रम में संतोष बरकड़े, जनपद सदस्य नीरज पांडे, अनुपम सराफ, अंकित तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सांसद विवेक बंटी साहू ने बताया कि यह पदयात्रा 1 जुलाई 2026 को छिंदवाड़ा से प्रारंभ हुई थी और 14 जुलाई को मैहर धाम पहुंचकर सम्पन्न होगी।
उन्होंने बताया कि 14 दिनों की इस यात्रा में लगभग 375 से 380 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की जा रही है। पदयात्रा के दौरान प्रतिदिन करीब 30 किलोमीटर का सफर किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि इस धार्मिक यात्रा का उद्देश्य मां शारदा से मध्यप्रदेश, विशेषकर छिंदवाड़ा और पांढुर्णा क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना करना है।
यह पदयात्रा छिंदवाड़ा, सिवनी, लखनादौन, छपारा, जबलपुर और कटनी होते हुए मैहर धाम पहुंचेगी।
स्वागत कार्यक्रम में जनपद पंचायत सिहोरा की अध्यक्ष रश्मि मनेन्द्र अग्निहोत्री, शिशिर पांडे, रमेश तिवारी, राकेश पाठक, कृष्ण गोपाल पाठक, सुंदर गुप्ता, अमन तिवारी, दीपक तिवारी, अभिषेक पांडेय, हर्ष, भोला, अंशुल, अमन सेन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


