जबलपुर। महाकोशल चेंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों ने सिविक सेंटर व्यापारिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मुद्दों को लेकर जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन से मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं से उन्हें विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह किया गया।
चेंबर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शंकर नाग्देव एवं कनिष्ठ उपाध्यक्ष युवराज जैन गढ़ावाल के साथ मानसेवी मंत्री अखिल मिश्र ने जेडीए अध्यक्ष से चर्चा करते हुए बताया कि सिविक सेंटर शहर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां आधारभूत सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं व्यापारियों और आम नागरिकों को प्रभावित कर रही हैं। इन समस्याओं के निराकरण से व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने जेडीए अध्यक्ष से अनुरोध किया कि गुरुवार को महाकोशल चेंबर सभागार में आयोजित होने वाले “जबलपुर के विकास पर संवाद” कार्यक्रम में इन मुद्दों पर ठोस समाधान और कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए, ताकि व्यापारियों की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी निराकरण सुनिश्चित हो सके।
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और व्यापारिक क्षेत्र के विकास एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। महाकोशल चेंबर ने उम्मीद जताई कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से शहर के विकास और व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक निर्णय सामने आएंगे।


