उमरिया- 15 जुलाई 2026 को हिन्दू-मुस्लिम एकता मंच जिला उमरिया के द्वारा वार्ड क्रमांक 4 एवं 5, रमपुरी में विगत कुछ दिनों से हो रही दूषित पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद उमरिया के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान मंच के पदाधिकारियों एवं स्थानीय वार्डवासियों ने नगर पालिका द्वारा सप्लाई किए जा रहे दूषित पानी को एक बोतल में भरकर अधिकारियों को भेंट किया, ताकि समस्या की गंभीरता से उन्हें अवगत कराया जा सके। ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 में घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से जो पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, वह अत्यंत गंदा एवं दूषित है। यह पानी न तो पीने योग्य है और न ही घरेलू उपयोग के लिए सुरक्षित है। इससे क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर हिन्दू-मुस्लिम एकता मंच के संस्थापक मो. असलम शेर ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है। शीघ्र ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जानी चाहिए। वहीं हिन्दू-मुस्लिम एकता मंच के संयोजक राजेंद्र कोल ने कहा कि वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 के रहवासी विगत दिनों से दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। प्रशासन को इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए। जनता को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। हिन्दू-मुस्लिम एकता मंच ने प्रशासन से मांग की है कि दूषित पेयजल की आपूर्ति तत्काल बंद कर पाइपलाइन एवं जल स्रोत की जांच कराई जाए तथा वार्डवासियों को शीघ्र स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन सौंपते समय हिंदू-मुस्लिम एकता मंच के सदस्य एवं वार्ड नं.- 4 एवं 5 के रहवासी मौजूद रहे।


