30 जुलाई तक चलेंगे जनजागरूकता कार्यक्रम_
सिवनी- जिला कलेक्टर सुश्री नेहा मीना के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह के मार्गदर्शन में आज जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 30 जुलाई 2026 तक जिले के सभी विकासखंडों में संचालित किया जाएगा।
प्रभारी उपसंचालक, सामाजिक न्याय विभाग श्री संदीप परते के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
अभियान के प्रथम दिवस जिले के सभी विकासखंडों में शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही नशे से होने वाले पारिवारिक विघटन, अपराधों में वृद्धि तथा युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
विकासखंडवार आयोजित कार्यक्रमों में लखनादौन के स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय में श्री नमन नेमा, धनोरा के सीएम राइज विद्यालय, धनौरी में सुश्री रैवती खैरवार, घंसौर के सांदीपनी स्कूल में श्रीमती नेहा कुमरे, कुरई के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बादलपार में श्री विजेंद्र इडपाचे तथा केवलारी के शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में श्री प्रशांत गुर्गा द्वारा कार्यक्रमों का सफल संचालन एवं समन्वय किया गया।
कार्यक्रमों में संबंधित संस्थानों के प्राचार्य, शिक्षकगण, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने मित्रों, परिवारजनों एवं समाज को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित सिवनी के निर्माण में अपना योगदान दें


