जबलपुर। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जबलपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे कॉम्बिंग गश्त अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात जिलेभर में एक साथ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 210 वारंटियों को गिरफ्तार किया, अवैध हथियार, गांजा और शराब बरामद की तथा कई फरार आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर रात 9 बजे से सुबह 2 बजे तक चले अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों एवं एसडीओपी स्तर के अधिकारियों ने किया। शहर और देहात के सभी थाना प्रभारियों ने अलग-अलग टीमों के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 114 गैर-मियादी वारंट, 64 गिरफ्तारी वारंट और 32 जमानती वारंट तामील किए गए। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 34 लीटर कच्ची शराब और 32 पाव देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त की। वहीं अवैध हथियार लेकर घूम रहे 9 आरोपियों से 51 चाकू बरामद किए गए। मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 3 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 8 किलो 765 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.5 लाख रुपये है, जब्त किया गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुसाफिरखानों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी सघन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत रहे और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे


