जबलपुर। श्री जगदीश मंदिर गणेश मंदिर लोक न्यास, गढ़ाफाटक के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की 259वीं ऐतिहासिक एवं विराट रथ यात्रा का दिव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। श्रीक्षेत्र पुरी की प्राचीन परंपरा के अनुरूप भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी अपनी मौसी के निवास स्थान हनुमान अखाड़ा मंदिर में दस दिवसीय विश्राम के उपरांत आज पुनः अपने निज धाम श्री जगदीश मंदिर के लिए भव्य शोभायात्रा के साथ प्रस्थान किए।
लोक न्यास के प्रबंध न्यासी अधिवक्ता श्री लाल ज्ञानेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी दस दिनों तक अपनी मौसी के निवास स्थान पर विराजमान रहे, जहाँ प्रतिदिन देवेंद्र त्रिपाठी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन, महाआरती,भोग-प्रसाद एवं हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। इन दस दिनों में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद एवं दिव्य कृपा का अनुभव किया।रथ वापसी के अवसर पर चैतन्य महाप्रभु संकीर्तन मंडल जाबालीपुरम द्वारा एक से बढ़कर एक संकीर्तन से सम्पूर्ण मार्ग “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी उद्घोष, ढोल, नगाड़ों, बैंड-बाजों, पुष्पवर्षा एवं श्रद्धालुओं के भक्ति-नृत्य से गुंजायमान हो उठा।भगवान के रथ के साथ चल रहे श्रद्धालु अपार श्रद्धा और उत्साह में सराबोर दिखाई दिए।
वहीं जैसे-जैसे रथ अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ता गया,भक्तों के हृदय भावुक होते गए। अनेक श्रद्धालुओं की आँखें नम थीं, मानो वे अपने आराध्य से कुछ समय के लिए बिछड़ रहे हों। हर किसी के मन में यही भाव था कि दस दिनों तक अपने बीच विराजमान प्रभु आज पुनः अपने निज मंदिर लौट रहे हैं। बड़ी श्रद्धा, प्रेम और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया,मंदिर पहुंचते ही मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगल आरती के साथ प्रभु का भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात ट्रस्ट द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य अनुभव किया।
इस अवसर पर लोक न्यास के प्रबंध न्यासी अधिवक्ता श्री लाल ज्ञानेंद्र सिंह बघेल,न्यासी श्री राजकुमार साहू,प्रबंधक श्री मोहित तिवारी, पं.मनमोहन दुबे,संयोजक देवेंद्र नेमा, मोहित लोधी, अतुल पटेल,प्रेम पूरी गोस्वामी, राकेश उपाध्याय, मनोज दुबे, सुरेंद्र पूरी गोस्वामी, सुनील गुप्ता, गोपालपुरी, अमित दुबे, जुग्गन अग्रवाल, पप्पन मिश्रा, डीके दुबे, पप्पू यादव, गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।


