जबलपुर। शहर के त्रिपुरी चौक स्थित मेट्रो बस स्टॉप की आड़ में कथित रूप से अवैध अहाता संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन और संभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिस स्थान पर नगर निगम का मेट्रो बस स्टॉप का बोर्ड लगा है, वहां दिनभर शराब पीने वालों का जमावड़ा रहता है और अवैध रूप से अहाते का संचालन किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे महिलाओं, बच्चों और आम राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस ने मांग की है कि यदि यह वास्तव में बस स्टॉप है तो उसे व्यवस्थित किया जाए, अन्यथा इसे स्पष्ट रूप से अहाता घोषित किया जाए ताकि लोगों में भ्रम की स्थिति न रहे।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ दलाल अवैध वसूली कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। नगर निगम द्वारा अभियान शुरू किए जाने पर पुलिस पूरा सहयोग करेगी। साथ ही शराब दुकान और कथित अवैध अहाते के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी, ताकि शराब पीने वाले असामाजिक तत्वों के कारण आम नागरिकों को होने वाली परेशानी कम की जा सके। पुलिस ने यह भी कहा कि इस संबंध में आबकारी विभाग को भी आवश्यक सूचना भेजी जाएगी।


