29.5 C
Jabalpur
September 27, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जनहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए 6 अगस्त से देशव्यापी पदयात्रा चलाएगी सीपीआई, 1 सितंबर को दिल्ली में होगी विशाल जनरैली।

अनूपपुर जिला परिषद की बैठक में “बदलाव ज़रूरी है” अभियान को सफल बनाने की रणनीति, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारियाँ
अनूपपुर, ।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला परिषद, अनूपपुर की बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय में कॉम. पी.एस. राऊतराय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव कॉम. जनक राठौर ने किया। बैठक में पार्टी की मध्य प्रदेश राज्य परिषद के सह-सचिव कॉम. हरिद्वार सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए कॉम. हरिद्वार सिंह ने कहा कि देश में लोकतंत्र, संविधान, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की मूल भावना गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता कमजोर हुई है तथा निजीकरण, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, किसानों और मजदूरों की उपेक्षा जैसी समस्याएँ लगातार बढ़ी हैं।
उन्होंने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 6 अगस्त से 15 अगस्त, 2026 तक पूरे देश में “बदलाव ज़रूरी है” अभियान के तहत पदयात्रा निकालेगी। इसके बाद 1 सितंबर, 2026 को नई दिल्ली में विशाल जनरैली आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे।
वरिष्ठ वामपंथी नेता कॉम. विजेंद्र सोनी ने लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों से पदयात्रा और दिल्ली रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हमेशा मेहनतकश जनता, किसानों, मजदूरों और सामाजिक न्याय के पक्ष में संघर्ष करती रही है तथा आगे भी जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में जिला सचिव कॉम. जनक राठौर ने पार्टी की प्रमुख मांगों का उल्लेख करते हुए समान आर्थिक संहिता लागू करने, राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कानून बनाने, सभी रिक्त सरकारी पदों पर स्थायी नियुक्ति, समान एवं निःशुल्क शिक्षा, सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण पर रोक, किसानों को कानूनी गारंटी के साथ न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), किसानों की कर्ज माफी, श्रमिकों के ट्रेड यूनियन अधिकारों की बहाली, छह घंटे का कार्यदिवस तथा मध्य प्रदेश राज्य परिवहन निगम को पुनः प्रारंभ करने जैसी मांगें रखीं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के चयनित गांवों में कार्यकर्ताओं की टीमें भेजकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों को पदयात्रा और दिल्ली रैली के उद्देश्यों से अवगत कराया जाएगा तथा प्रचार सामग्री का वितरण किया जाएगा। विभिन्न गांवों के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी तय की गईं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कॉम. पी.एस. राऊतराय ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और बैठक में लिए गए निर्णयों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करने का आह्वान किया।
बैठक का समापन “इंकलाब ज़िंदाबाद” तथा “जनता के अधिकारों की रक्षा करो,अन्यथा सत्ता छोड़ो” के नारों के साथ हुआ।
बैठक में कॉम. हरिद्वार सिंह, कॉम. विजेंद्र सोनी, कॉम. पी.एस. राऊतराय, कॉम. जनक राठौर, कॉम. समर शाह सिंह, कॉम. हिरालाल राठौर, कॉम. पाँचू यादव, कॉम. मोहन राठौर, अमित पोखरियाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

संभल में मंदिर-मस्जिद विवाद और भड़काऊ बयानबाजी मामले में पुलिस ने भेजा नोटिस

Newsdesk

पुस्तैनी घर तोड़े जाने से पहले सीएम मोहन यादव ने की पूजा-अर्चना, बोले-इसका कोई मुआवजा नहीं लेंगे

Newsdesk

भागीरथी परिवार का 55वां उत्सव आयोजन सानंद संपन्न

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading