CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर आरोपी महिला को पकड़ा
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण कर ले जाई जा रही 5 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में अपहरण की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, लाल कुआं कालीमाता मंदिर के पास रहने वाले ईलाही शाह ने शिकायत दर्ज कराई कि वह और उसकी पत्नी बेलदारी का काम करते हैं। पिछले तीन दिनों से वह अकेले काम पर जा रहा था, जबकि पत्नी बच्चों के साथ घर पर रहती थी। पत्नी की पहचान ग्वारीघाट में भंडारा खाने के दौरान सुमन यादव नाम की महिला से हुई थी। 4 अगस्त की रात भंडारा खाने के बाद पत्नी सुमन को अपने घर लेकर आई थी।
रात करीब 12 बजे ईलाही शाह की नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी 5 वर्षीय बेटी और सुमन दोनों घर से गायब हैं। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। किसी तरह बाहर निकलकर उसने तलाश की, लेकिन बच्ची नहीं मिली। इसके बाद ग्वारीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर तत्काल तलाश शुरू की गई। कंट्रोल रूम से सभी थानों को अलर्ट किया गया। ग्वारीघाट पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी महिला बच्ची को रेलवे स्टेशन की ओर ले जाती दिखाई दी।
पुलिस टीम ने जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास आरोपी सुमन यादव (30), निवासी शाहपुरा, जिला डिंडौरी को बच्ची के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कन्हैया बघेल के निर्देशन में उप निरीक्षक नीलेश पोर्ते, प्रधान आरक्षक विवेक मालवीय, उमेश शुक्ला तथा आरक्षक दीपक रजावत, संजय गोस्वामी और शक्ति सनोडिया की सराहनीय भूमिका रही।


