जबलपुर। जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ओमती थाना क्षेत्र में जिला न्यायालय के गेट नंबर-3 के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, न्यायालय गेट नंबर-3 पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर संदिग्ध हालत में खड़े एक युवक पर पड़ी। गार्ड ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चीता-512 मोबाइल और ओमती थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान युवक की पैंट की बाईं जेब से धारदार और नुकीला मछलीनुमा चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर गवाहों की मौजूदगी में हथियार का जब्ती पंचनामा तैयार कर उसे कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल बैन (26), पिता जालिम सिंह बैन, निवासी मकान नंबर 1217, ईसाई मोहल्ला, गोरखपुर, जबलपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी ने बताया कि न्यायालय सुरक्षा में तैनात गार्ड से सूचना मिलने के बाद ओमती पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने कार्रवाई की। तलाशी में आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
न्यायालय जैसे संवेदनशील परिसर के प्रवेश द्वार के पास हथियार लेकर संदिग्ध युवक के पकड़े जाने से सुरक्षा व्यवस्था की सतर्कता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।


