August 11, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

हर घर तिरंगा’ रैली में शामिल हुए बंगाल के मुख्यमंत्री, रक्षाबंधन को सरकारी तौर पर मनाने का ऐलान



कोलकाता, 10 अगस्त )। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सोमवार को कोलकाता में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ रैली में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने हाथ में तिरंगा लेकर करीब ढाई किलोमीटर तक पदयात्रा की। इस दौरान राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और हजारों आम नागरिक भी तिरंगा लेकर रैली में शामिल हुए।

रैली के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा कोलकाता तिरंगे के रंग में सजा हुआ है। यह पहली बार है जब राज्य स्तर पर ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम मनाया जा रहा है। राज्य सरकार की ओर से 70 लाख राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।

यह रैली मध्य कोलकाता के गौर पाल सरणी से शुरू होकर विक्टोरिया मेमोरियल के उत्तरी द्वार तक गई। रैली की शुरुआत में मुख्यमंत्री स्वयं तिरंगा लेकर सबसे आगे चल रहे थे। उनके साथ राज्य मंत्री अर्जुन सिंह, जगन्नाथ चटर्जी और दीपक बर्मन, विधायक रुद्रनील घोष, कौस्तव बागची तथा कई अन्य भाजपा नेता मौजूद थे। रैली में “हर घर तिरंगा” लिखे बैनर भी लगाए गए थे।

मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह कार्यक्रम 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाया जा रहा है और राज्य सरकार भी इसमें सक्रिय भागीदारी कर रही है। उन्होंने लोगों को 15 अगस्त को रेड रोड पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

सुवेंदु अधिकारी ने इस अवसर पर रक्षाबंधन पर्व को सरकारी स्तर पर मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी धार्मिक कारण से नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लोगों के बीच संबंध और मजबूत होंगे तथा पश्चिम बंगाल को देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल करने की दिशा में मदद मिलेगी।

रैली के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने सूचना एवं संस्कृति विभाग तथा कोलकाता नगर निगम का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य के अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

अन्य ख़बरें

दिल्ली विधानसभा में सीएम रेखा गुप्ता के आरोपों पर घमासान, भाजपा विधायकों ने कार्रवाई की मांग की

Newsdesk

केंद्र की मौजूदा सरकार ने हर मोर्चे पर देश को सशक्त किया : मनिंदरजीत सिंह बिट्टा

Newsdesk

असम में फिर शुरू हुई सस्ती दाल और चीनी योजना, 70 लाख लोगों को मिलेगा लाभ

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading