निगरी सब स्टेशन, मानेगांव वितरण केंद्र एवं 1912 निदान कॉल सेंटर का किया निरीक्षण
उपभोक्ता सेवा, विद्युत आपूर्ति एवं शिकायत निराकरण की समीक्षा
जबलपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा कार्यालयों में बैठने के बजाय मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने तथा उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देशों के क्रम में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के चेयरमैन विशेष गढ़पाले एवं प्रबंध संचालक श्री अजय गुप्ता ने आज जबलपुर ग्रामीण क्षेत्र के बरगी वितरण केंद्र अंतर्गत आरडीएसएस योजना के तहत नवनिर्मित निगरी सब स्टेशन, मानेगांव वितरण केंद्र एवं 1912 निदान कॉल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता सेवाओं एवं शिकायत निराकरण की स्थिति की समीक्षा की ।
उपभोक्ता शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण
मानेगांव वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन एवं 1912 से प्राप्त शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण न हो, बल्कि वास्तविक, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रत्येक वितरण केंद्र में तीन माह में एक बार पूरा दिन रहें कार्यपालन अभियंता
चेयरमैन श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यपालन अभियंता अपने अधीन आने वाले प्रत्येक वितरण केंद्र में कम से कम तीन माह में एक बार पूरा दिन उपस्थित रहें। इस दौरान वे वितरण केंद्र की कार्यप्रणाली एवं विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करें तथा उपभोक्ताओं से सीधे मिलकर उनकी समस्याएं सुनें और उनके निराकरण की पहल करें।
1912 कॉल सेंटर में तकनीकी नवाचार पर जोर
निरीक्षण के दौरान उन्होंने 1912 पर आने वाली कॉल्स का दबाव कम करने के लिए आईवीआर सिस्टम को इन-हाउस विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे सामान्य प्रकृति की जानकारी एवं बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्नों के समाधान के माध्यम से कॉल्स में लगभग 20 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने चैटबॉट एवं वॉयसबॉट के उपयोग की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा ।
सीआरएम पोर्टल एवं डेटा एनालिटिक्स से बेहतर होगी सेवा
चेयरमैन श्री गढ़पाले ने निर्देश दिए कि विद्युत आपूर्ति में आउटेज एवं प्लान्ड शटडाउन की जानकारी सीआरएम पोर्टल पर तत्काल अपडेट की जाए, ताकि 1912 पर शिकायत आने पर कॉल सेंटर एजेंट उपभोक्ता को वास्तविक स्थिति बता सकें ।
उन्होंने 1912 पर दर्ज शिकायतों के पैटर्न एवं डेटा का नियमित एनालिटिक्स कर संबंधित फील्ड कार्यालयों को जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र या फीडर से एक ही प्रकार की शिकायत बार-बार आ रही है तो संबंधित मेंटेनेंस अधिकारियों को जानकारी देकर स्थायी सुधार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मोहम्मद आरिफ कुरैशी, महाप्रबंधक मानव संसाधन एवं प्रशासन, प्रशांत गुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक आईटी, श्री अरविंद सक्सेना, अधीक्षण अभियंता कंप्यूटर पद्धति एवं संचालन, रवितोष कुमार, उप महाप्रबंधक निदान, मुख्य अभियंता जबलपुर क्षेत्र एस.के. गिरिया, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण जबलपुर खुशियाल शिववंशी, सुश्री अल्पा ठाकुर, कार्यपालन अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


