जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हार बाड़ा में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पुल के पास पानी में तैर रहे नारियल को पकड़ने की कोशिश में चार साल का मासूम प्रियांशु पटेल तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रियांशु पुल के समीप खेल रहा था। इसी दौरान उसकी नजर पानी में तैर रहे नारियल पर पड़ी। वह नारियल उठाने के लिए पानी के करीब पहुंचा, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह संभल नहीं सका और बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल SDRF की टीम को सूचना देकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम द्वारा नदी तथा तेज बहाव वाले संभावित स्थानों पर लगातार मासूम की तलाश की जा रही है।
बहते नारियल के लिए जान जोखिम में डाल रहे लोग
गौरतलब है कि ग्वारीघाट सहित नर्मदा नदी के अन्य तटों पर भी अक्सर पानी में बहते नारियल को पकड़ने के लिए बच्चे और बड़े तेज बहाव की परवाह किए बिना नदी में उतर जाते हैं। ऐसे मामलों में हादसे की आशंका बनी रहती है। प्रशासन को ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


