बारिश में कीचड़ और गड्ढों से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी, किसानों के कृषि कार्य भी प्रभावित_
सी टाइम्स सिवनी-ग्राम हिवरा से सरगापुर होते हुए ढैंकी को जोड़ने वाले करीब 1.5 किलोमीटर लंबे कच्चे मार्ग को पक्का कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं किसानों ने विधायक दिनेश राय मुनमुन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। हिवरा निवासी जागरूक नागरिक रामकुमार बघेल सहित ग्रामीणों ने मार्ग की वर्तमान स्थिति से विधायक को अवगत कराते हुए शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग की।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग
ग्रामीणों ने बताया कि हिवरा से सरगापुर होते हुए ढैंकी तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में किसानों के खेत स्थित हैं। कृषि सीजन के दौरान किसान ट्रैक्टर, थ्रेसर, हार्वेस्टर सहित अन्य कृषि उपकरण इसी मार्ग से खेतों तक पहुंचाते हैं। वहीं फसल को खेतों से घर एवं मंडी तक पहुंचाने में भी इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है।
बारिश में कीचड़ और गड्ढों से आवागमन मुश्किल
ग्रामीणों के अनुसार कच्ची सड़क होने के कारण बारिश के दिनों में मार्ग की हालत बेहद खराब हो जाती है। सड़क पर कीचड़ और गहरे गड्ढे होने से दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। कई बार किसानों को कृषि कार्य के लिए अपने वाहन खेतों तक पहुंचाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीणों का आवागमन होता है। बारिश के दौरान स्कूली बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को भी आवागमन में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के पक्के निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना से निर्माण की मांग
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की कि करीब 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग को मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना, मनरेगा अथवा ग्रामीण विकास विभाग की अन्य उपयुक्त योजना में शामिल कर पक्का कराया जाए। सड़क निर्माण होने से किसानों को खेतों तक आसानी से पहुंचने के साथ कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों का वर्षभर सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा।
ग्रामीणों ने ज्ञापन के साथ सड़क की वर्तमान स्थिति के फोटोग्राफ एवं प्रभावित किसानों-ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी संलग्न किए। उन्होंने विधायक से मांग पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया।
ज्ञापन सौंपने वालों में रामकुमार बघेल, शुभम बघेल, छोटू बघेल, श्रेयांस बघेल, अमित बघेल, मुकेश बघेल, मोनू बघेल सहित अन्य ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विधायक द्वारा उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। मार्ग के पक्के निर्माण से हिवरा, सरगापुर, ढैंकी एवं आसपास के ग्रामीणों तथा किसानों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।


