*
कुरई – मंगलवार 22 सितंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर छिंदवाड़ा से NHAI के अधिकारियों की टीम कुरई क्षेत्र के पिंडकापार पहुंची। अधिकारियों ने NH-44 के लिए पूर्व में अधिग्रहित की गई भूमि एवं प्रस्तावित पिंडकापार बायपास स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान पिंडकापार बायपास संघर्ष समिति के सदस्यों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। समिति की ओर से बायपास से संबंधित दस्तावेजों की एक फाइल अधिकारियों को सौंपी गई। समिति सदस्यों ने बायपास निर्माण से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं क्षेत्र की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
बैठक में समिति के जागेश्वर पांडे, राजू कहार, सुंदरलाल डहरवाल, गौरव अग्रवाल, मुकेश तिवारी, अकरम खान, भरतलाल डहरवाल, वसीम खान, राजकुमार चंद्रवंशी, अजीम खान, नसीम खान, अक्षय श्रीवास, पुरुषोत्तम डहरवाल, राहुल जायसवाल, सोनू चंद्रवंशी, महेंद्र परते, लल्लू खान एवं महेश भैरम सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समिति की ओर से कविता कहार ने इस पहली कार्रवाई के लिए सांसद भारती पारधी एवं बरघाट विधायक कमल मर्सकोले के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को पिंडकापार बायपास निर्माण का लंबे समय से इंतजार है। NHAI अधिकारियों के निरीक्षण और दस्तावेज सौंपे जाने की कार्रवाई से बायपास निर्माण की दिशा में आगे प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद जगी है। समिति एवं क्षेत्रवासियों ने बायपास का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराए जाने की मांग की है।


