उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा की सफलता की कहानी
शहडोल 26 सितम्बर 2026-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित जन विश्वास शिविर में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यम संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई तथा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम् प्रजापति एवं महाप्रबंधक उद्योग श्री मनीष अलावा ने उपस्थित ग्रामीणों एवं युवाओं को स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा युवाओं एवं ग्रामीणों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय प्रारंभ करने के साथ ही उसे आगे बढ़ा सकते हैं।
उद्यम संवाद के दौरान अनुराग तिवारी, ललिता सिंह, गायत्री, गुजरतिया बैगा एवं सीमा केवट ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार शासकीय योजनाओं एवं उपलब्ध अवसरों का लाभ लेकर उन्होंने स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया। हितग्राहियों ने अपने व्यवसाय एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा करते हुए अन्य युवाओं एवं महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने भी अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि समूह से जुड़कर वे आर्थिक गतिविधियों में सहभागी बनीं और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ीं। उन्होंने अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़कर उपलब्ध अवसरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।


