आयुक्त ने विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक परिणाम के लिए शिक्षकों को और अधिक मेहनत से अध्यापन की दी समझाइश
सीईओ जिला पंचायत ने शिक्षक बनकर विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न हल कराए
शहडोल 26 सितम्बर 2026- विधायक श्री जयसिंह मरावी आयुक्त शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता तथा सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने एकलव्य आवासीय विद्यालय एवं छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था, सहशैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
आयुक्त ने विद्यालय में शिक्षकों से चर्चा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षकों को और अधिक मेहनत एवं लगन के साथ अध्यापन कार्य करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की विषयवार समझ को मजबूत करने, कठिन विषयों को सरल एवं सहज तरीके से समझाने तथा नियमित अभ्यास कराने की समझाइश दी। उन्होंने शिक्षकों के व्यक्तिगत परीक्षा परिणामों में भी और अधिक सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में संगीत, खेल एवं आर्ट-पेंट के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी भी ली गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप विभिन्न सहशैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम् प्रजापति ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों से गणित विषय से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों को पाइथागोरस सिद्धांत एवं क्वार्डिनेट की जानकारी देते हुए प्रश्नों को हल कराया तथा विद्यार्थियों की विषय संबंधी समझ का परीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को गणित एवं विज्ञान जैसे विषयों का नियमित अभ्यास कराने तथा विद्यार्थियों से अधिक से अधिक प्रश्न हल कराने की समझाइश दी, ताकि विद्यार्थियों की विषय की समझ के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हो।
उल्लेखनीय है कि एकलव्य आवासीय विद्यालय का सीबीएसई परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। अधिकारियों ने इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाए रखते हुए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार किया जाना आवश्यक है।
इसके पश्चात अधिकारियों ने छात्रावास का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता, समय पर भोजन उपलब्ध होने, छात्रावास में साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में भी अधिकारियों ने जानकारी ली तथा छात्रावास में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त श्री एम.पी. सिंह, एसडीएम श्री दीपक मंडावी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य श्री आनंद राय सिन्हा, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


