जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र की गौर चौकी अंतर्गत मंडला रोड पर मालवाहक चालक से शराब पीने के लिए पांच हजार रुपये मांगने और इनकार करने पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 28 सितंबर की सुबह करीब 5 बजकर 20 मिनट पर तिलहरी स्थित कुंदन रेसिडेंसी के सामने हुई।
वृंदावन कॉलोनी निवासी चालक राजेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह छोटा हाथी वाहन से जा रहा था, तभी बिना नंबर की अर्टिगा कार ने उसका रास्ता रोक लिया। शिकायत के मुताबिक कार से उतरे तीन युवकों ने उससे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। इनकार करने पर दो युवकों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जबकि तीसरे ने चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296(बी), 119(1), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की कार की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


