जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के युवा अधिवक्ता शिवम शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर अधिवक्ता समाज ने निष्पक्ष और गहन जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वास पालिया, उपाध्यक्ष सत्येंद्र ज्योतिषी, सचिव असीम त्रिवेदी सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने एसपी को बताया कि शिवम शर्मा की कार जस्सूजा होटल के सामने लावारिस हालत में मिली थी। कार में उनका मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी और पर्स मौजूद था। अधिवक्ताओं ने घटनास्थल की परिस्थितियों, चोट के स्थान सहित अन्य बिंदुओं को संदिग्ध बताते हुए मामले की सभी पहलुओं से जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि घटना की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर प्रत्येक संदिग्ध पहलू को सामने लाया जाए। साथ ही जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने विभिन्न मामलों में अधिवक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी।
एसपी संपत उपाध्याय ने अधिवक्ताओं को मामले की उचित जांच का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की गहराई से जांच करने तथा ज्ञापन को केस डायरी का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए। एसपी ने अधिवक्ताओं को �एक सप्ताह बाद पुनः मुलाकात कर जांच की प्रगति पर चर्चा करने का समय भी दिया।


