सड़कों की मरम्मत, रोशनी और साफ-सफाई के निर्देश; पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर
जबलपुर। विजयादशमी पर्व को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जबलपुर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम के साथ शहर के प्रमुख दशहरा जुलूस मार्गों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और समय रहते सभी आवश्यक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने तीन पत्ती से मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लार्डगंज, फुहारा, सुनरहाई, हनुमानताल, घमापुर, शीतला माई और कांचघर रोड सहित प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों पर मौजूद गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जुलूस मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निगमायुक्त ने पूजा समितियों और पंडाल संचालकों से भी संवाद किया। उन्होंने पंडालों में अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता, बिजली के सुरक्षित कनेक्शन और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की, ताकि उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जबलपुर में त्योहारों को जनसहयोग, आपसी समन्वय और सुरक्षा के साथ मनाने की परंपरा रही है। इस परंपरा को बनाए रखने के लिए नगर निगम के सभी विभागीय अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से काम करना होगा। उन्होंने व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सौरभ मिश्रा, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के प्रमुख और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


