अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए अपर कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बलवीर रमन ने सोमवार को जिला मुख्यालय अनूपपुर एवं कोतमा के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक रहने तथा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किये के जाने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश में नये आदेश जारी किये हैं।15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक अनूपपुर जिला मुख्यालय एवं कोतमा के मुख्य मार्गों पर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्थापित होने वाले दुर्गा पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं एवं कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त की गई हैं।
अपर कलेक्टर ने आदेश में कहा गया है कि शारदीय नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। 21 अक्टूबर 2026 से पूर्व में जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुसार यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस हेतु पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं जिला यातायात प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने हेतु कहा है।
दुर्गा पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो-कलेक्टर
कलेक्टर रत्नाकर झा ने कि जिले में नवरात्रि पर्व के अवसर पर विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों में स्थापित होने वाले दुर्गा पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था, पहुंच मार्ग, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें। नवरात्रि पर्व के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके लिए नगर पालिका अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिये हैं।
कानून-शांति व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त
शारदेय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। जो अपने-अपने क्षेत्र में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं एवं समारोह स्थलों का प्रतिदिन निरीक्षण कर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिसमे अनूपपुर थाना क्षेत्र में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश सिंह, चचाई थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ज्ञानदास पनिका, फुनगा चौकी क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट कौशलेन्द्र शंकर मिश्रा, भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मंगलदास चक्रवर्ती, जैतहरी थाना क्षेत्र में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट चंद्रशेखर मिश्रा तथा वेंकटनगर थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र दास पनिका को नियुक्त किया गया है।
कोतमा थाना क्षेत्र में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट दशरथ सिंह तथा नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट गुरुदास प्रसाद मेहरा, बिजुरी थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट लवतेन्द्र सिंह, रामनगर थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट संतोष चौधरी, राजेंद्रग्राम थाना क्षेत्र में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ईश्वर प्रधान तथा नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट विशाल रत्नम, अमरकंटक थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट विनोद सिंह बरगाही तथा करनपठार थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट सोहनलाल कोल एवं नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रमाकांत तिवारी को नियुक्त किया गया है।
साथ ही संबंधित नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहयोगी अधिकारी बनाया गया है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन निर्धारित कुंड एवं स्थलों पर कराने, विसर्जन स्थलों पर राजस्व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अनुविभागीय दण्डाधिकारी अपने-अपने अनुभाग में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी होंगे।


