जबलपुर में ठगी का अनोखा तरीका, पहले छोटे गिफ्ट देकर जीता भरोसा, फिर सोने-चांदी के जेवर लेकर हुईं गायब; पुलिस की पांच टीमें तलाश में जुटीं
जबलपुर। शहर के रांझी क्षेत्र में कंपनी की स्कीम और चार लाख रुपये के इनाम का लालच देकर एक महिला से सोने-चांदी के जेवर ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाएं एक बच्चे के साथ पीड़िता के घर पहुंचीं। पहले छोटे-छोटे गिफ्ट देकर भरोसा जीता और फिर बड़े इनाम का लालच देकर लाखों रुपये के जेवर लेकर फरार हो गईं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की हैं।
दो दिन तक गिफ्ट देकर जीता भरोसा
रिछाई निवासी खुशबू पटेल के मुताबिक, रविवार को घर के बाहर घूमते समय दो महिलाएं उनके पास पहुंचीं। उन्होंने खुद को एक कंपनी का कर्मचारी बताते हुए सोने-चांदी के जेवरों के साथ फोटो खिंचवाने पर आकर्षक इनाम मिलने की बात कही। पहली बार चांदी की झुमकी के साथ फोटो खिंचवाने पर उन्हें स्टील का डिब्बा गिफ्ट में दिया गया। अगले दिन चांदी की पायल दिखाने पर भी एक गिफ्ट दिया गया। लगातार दो दिन तक गिफ्ट मिलने से उन्हें महिलाओं पर भरोसा हो गया।
चार लाख रुपये के इनाम का दिया लालच
शिकायत के अनुसार, मंगलवार शाम दोनों महिलाएं एक बच्चे के साथ फिर घर पहुंचीं। उन्होंने अधिक जेवरों के साथ फोटो खिंचवाने पर चार लाख रुपये का इनाम मिलने की बात कही। इसमें 50 हजार रुपये कमीशन और साढ़े तीन लाख रुपये खुशबू को देने का दावा किया गया।
आरोप है कि उनकी बातों में आकर खुशबू ने अलमारी से सोने का रानी हार, मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी, हार सहित चांदी का हाफ करधन और दो जोड़ी पायल निकालकर दे दिए। महिलाएं कुछ देर में लौटने की बात कहकर चली गईं, लेकिन वापस नहीं आईं। करीब तीन घंटे इंतजार के बाद पीड़िता ने पति को सूचना दी और रांझी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाने की आशंका
पीड़िता ने पड़ोस की तीन-चार अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह की ठगी की आशंका जताई है। हालांकि, इन घटनाओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। रांझी सीएसपी सतीश साहू के अनुसार, शुरुआती जांच में करीब दो से तीन लाख रुपये के जेवर गायब होने की जानकारी सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पीड़िता ने मोबाइल से बनाया गया करीब दो सेकंड का वीडियो भी पुलिस को दिया है, जिसमें एक महिला का चेहरा दिखाई देने की बात कही गई है। टीआई उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पांच टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड और शहर के अन्य इलाकों में संदिग्ध महिलाओं की तलाश कर रही हैं।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
सीएसपी सतीश साहू ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के गिफ्ट, इनाम और आकर्षक योजनाओं के झांसे में न आएं। किसी भी कंपनी की स्कीम के नाम पर घर पहुंचने वाले लोगों को कीमती जेवर न दिखाएं और न ही उनके हाथों में सौंपें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।


