जबलपुर। जिला शांति समिति की बैठक में चल समारोह, विद्युत सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्थाओं पर चर्चा
जबलपुर। नवरात्रि, दशहरा, दुर्गा प्रतिमा चल समारोह और विसर्जन सहित आगामी त्योहारों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि त्योहारों की गरिमा और उत्साह बनाए रखते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में विधायक लखन घनघोरिया, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर रविशंकर राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, डॉ. राजेश धीरावाणी, कौशल्या गोंटिया, शरद कावरा, मो. साबिर उस्मानी, मो. ताहिर खान, मुकेश राठौर और कुलदीप माखीजा सहित अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विधायक लखन घनघोरिया ने चल समारोह मार्गों पर विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सफाई और ध्वनि नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने आयोजन समितियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई।
कलेक्टर विश्वकर्मा ने आयोजन समितियों से स्वयंसेवकों को व्यवस्थाओं में शामिल करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने प्रतिमाओं की ऊंचाई और विद्युत तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही।
नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सफाई, कचरा प्रबंधन, अग्निशमन उपकरणों और विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाओं की जानकारी दी। भटौली कुंड, तलवारा घाट और हनुमानताल सहित प्रमुख स्थलों पर संयुक्त टीमें तैनात रहेंगी। एमपीईबी अधिकारी संजय अरोड़ा ने विद्युत सुरक्षा के लिए प्रत्येक समिति के साथ लाइनमैन तैनात करने की जानकारी दी।
बैठक में यातायात, पार्किंग, पेयजल, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट संबंधी सुझावों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


