33.5 C
Jabalpur
October 19, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिकराष्ट्रीय

कोलकाता हादसा : मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 19, सीएम अधिकारी ने 25 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

कोलकाता,  पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को बताया कि उत्तर कोलकाता में मुक्तारामबाबू स्ट्रीट पर चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से 17 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 24 खतरे से बाहर हैं और एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन 19 परिवारों ने अपने किसी सदस्य को खोया है, उनके लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। उनमें से 13 परिवारों से मैंने वन-टू-वन मुलाकात की। मैंने उन्हें भरोसा दिया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनकी मदद करेगी। उन्होंने भी सरकार पर भरोसा जताया है। पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और एक नौकरी देगी तथा हर घायल का 100 प्रतिशत मेडिकल खर्च सरकार उठाएगी, साथ ही 5 लाख रुपये का अतिरिक्त मुआवजा भी देगी।” उन्होंने कहा, “पूरे राज्य में 58,000 पूजाएं हो रही हैं।

इस घटना को देखते हुए सभी को सावधानी बरतनी चाहिए और जरूरी एहतियात लेने चाहिए। भीड़ नियंत्रण बनाए रखना चाहिए और फायर ब्रिगेड तथा पुलिस के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करना चाहिए, जिसमें पर्याप्त लाइटिंग, एंट्री-एग्जिट पॉइंट और सुरक्षा शामिल है ताकि सभी सहयोग कर सकें।” बताया गया कि शनिवार को चोरबगान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिरने के बाद दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई थी। मुख्यमंत्री अधिकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के साथ कलकत्ता मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती लोगों की हालत के बारे में जानकारी ली।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये देने का ऐलान किया था। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए कहा कि कोलकाता में भगदड़ की घटना दुखद है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना भी की। पीएमओ ने ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा कि प्रधानमंत्री ने पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है। वहीं दूसरी ओर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अस्पताल का दौरा करने वाले हैं, जहां घायलों का इलाज चल रहा है।

अन्य ख़बरें

मध्य प्रदेश सरकार का स्वच्छता के अलावा रोजगार और सुविधाओं पर जोर : सीएम मोहन यादव

Newsdesk

भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता 20 अक्टूबर से होगा लागू, व्यापार और निवेश को मिलेगा बड़ा बढ़ावा: वाणिज्य सचिव

Newsdesk

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बड़ी कार्रवाई, तीनों शूटर राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading