November 3, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

वारासिवनी में नहर से मिला इंडियन गौर का शव, वन विभाग ने किया रेस्क्यू


बालाघाट 03 नवम्‍बर 2026।  जिले के वारासिवनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग के पास नहर में मंगलवार को एक इंडियन गौर का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए गौर के शव को नहर से बाहर निकाला। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि यह शव 18 अक्टूबर 2026 को इसी क्षेत्र में रेस्क्यू किए गए दो नर इंडियन गौर के शवों के साथ बहकर आया होगा।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 11 बजे वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट को सूचना मिली कि वारासिवनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग नहर के पास पानी में एक इंडियन गौर का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट, उपवनमंडलाधिकारी कटंगी सामान्य तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी वारासिवनी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रेलवे पटरी के नीचे नहर में पानी का स्तर कम होने के कारण गौर का शव दिखाई दिया था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी थी। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई गई कि यह शव 18 अक्टूबर को इसी स्थान पर रेस्क्यू किए गए दो नर इंडियन गौर के शवों के साथ पानी में बहकर आया होगा। रेलवे क्रॉसिंग पर बनी पुलिया में लोहे के सरिये निकले हुए हैं। संभावना है कि शव इन्हीं सरियों के बीच फंस गया था, जिसके कारण वह आगे नहीं बह सका और पानी का स्तर कम होने पर दिखाई दिया।

रेस्क्यू के बाद इंडियन गौर के शव को वन परिक्षेत्र वारासिवनी के परिसर में लाया गया। यहां नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए वन संरक्षक, वनवृत्त बालाघाट एवं वनमंडलाधिकारी दक्षिण सामान्य वनमंडल बालाघाट की उपस्थिति में दो पशु चिकित्सकों द्वारा वन्यप्राणी का शव परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान आवश्यक नमूने भी एकत्रित किए गए।

शव परीक्षण की कार्रवाई पूरी होने के बाद मृत वन्यप्राणी इंडियन गौर के संपूर्ण शारीरिक अवशेषों का निर्धारित विभागीय प्रक्रिया एवं नियमानुसार भस्मीकरण किया गया। वन विभाग द्वारा पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू से लेकर शव परीक्षण और अंतिम प्रक्रिया तक सभी कार्रवाई निर्धारित नियमों के तहत पूरी की गई है।

अन्य ख़बरें

अवैध रूप से भण्डारित रेत का किया गया विनिष्टिकरण

Newsdesk

गड्ढों की सरकार, सफेद घेरों से जवाब! ‘लाड़ला गड्ढा योजना’ लेकर मैदान में उतरे मानवेंद्र मिश्रा

Newsdesk

अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर जल संरक्षण को लेकर जागरूकता

Newsdesk

Leave a Comment