*
भालूमाड़ा। क्षेत्र में बदहाल सड़कों और केवाई पुल की जर्जर स्थिति को लेकर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान केवाई पुल पर बने गड्ढों के चारों ओर सफेद गोले बनाकर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।
“स्वागत है लाड़ला गड्ढा योजना में” के व्यंग्यात्मक संदेश के साथ युवा कांग्रेस ने सड़क व्यवस्था पर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केवाई पुल पर बड़े-बड़े गड्ढे और बाहर निकली लोहे की छड़ें राहगीरों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं।
मानवेंद्र मिश्रा ने कहा कि मझौली, लाइन दफाई, कोतमा कॉलरी (भालूमाड़ा) और कोतमा मार्ग सहित पूरे क्षेत्र की सड़कों की हालत चिंताजनक है। इसके बावजूद मरम्मत को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने मांग की कि केवाई पुल सहित क्षेत्र की बदहाल सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब आश्वासन नहीं, धरातल पर समाधान चाहिए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुड्डू चौहान के नेतृत्व में जिला युवा कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए आंदोलन करेगी।
इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस महासचिव चंदन सिंह, मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष भालूमाड़ा संजय सिंह, अरविंद मिश्रा, अमित सिंह (टीनू), बिलाल खान, पंकज पाण्डेय, अकरम सिद्दीकी, संदीप यादव, छात्र नेता सूर्यप्रताप सिंह, चंद, किशन साहू, गोलू, ब्रजभान सिंह, गोलू पटेल सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।


