एसपी सम्पत उपाध्याय ने मोबाइल धारकों को सौंपे फोन, CEIR पोर्टल की मदद से किए गए ट्रेस
जबलपुर। गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 86 लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब जबलपुर पुलिस ने उनके मोबाइल तलाश कर वापस सौंपे। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से करीब 15 लाख रुपये कीमत के 86 मोबाइल फोन ट्रेस किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने गुरुवार 5 नवंबर को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह और उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण निकिता सिंह की उपस्थिति में मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे।
एसपी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा लगातार गुम मोबाइलों की तलाश की जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल की सहायता ली जा रही है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जबलपुर पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
मोबाइल गुम होने पर यहां करें शिकायत
एसपी सम्पत उपाध्याय ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ http://www.ceir.gov.in पोर्टल पर भी पंजीयन कराएं।
साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें अथवा http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साइबर सेल जबलपुर के हेल्पलाइन नंबर 7701050010 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने नागरिकों को अनजान कॉल और लिंक से बचने, व्हाट्सऐप पर आने वाली APK फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा बैंक खातों की जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही टेलीग्राम और व्हाट्सऐप ग्रुपों से मिलने वाले निवेश के प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील की है।


