रीवा, 27 जनवरी | गणतंत्र दिवस के मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरों के साथ गांव के विकास की योजना पर काम करने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री चौहान ने गणतंत्र दिवस के मौके पर रीवा के एसएएफ मैदान में भव्य और रंगारंग कार्यक्रम के बीच ध्वजारोहण किया और कहा, “हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे। इसके लिए सरकार और शासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक होगा। जब प्रदेश के आठ करोड़ जन आगे कदम बढ़ाएंगे तो प्रदेश के विकास का पथ प्रशस्त हो जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-रोजगार तथा आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नगरों के साथ-साथ ग्रामों के विकास के लिए पांच वर्षीय कार्य योजना तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “गणतंत्र दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन कर रहा हूं। उन्होंने ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ नारा देकर देश में आजादी की ज्योति जलाई। अंग्रेजों से अंडमान निकोबार द्वीप को आजाद कराकर नेताजी ने तिरंगा फहराया। आज उन वीरों को नमन किया जा रहा है, जिनके त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष पहले प्रदेश में कोरोना महामारी का संकट आया। कोरोना से दो-दो हाथ करने के लिए हमारे डॉक्टरों, नर्स, पुलिस तथा प्रशासन के लोगों ने अपने प्राण संकट में डालकर आम जनता की सेवा की। इतना ही नहीं, कोरोना संकट में मनरेगा योजना से रिकार्ड काम हुआ। दिव्यांगजनों को पेंशन, खाद्यान्न तथा छात्रवृत्ति का नियमित वितरण किया गया। शासकीय सेवकों का वेतन नियमित किया गया। उनकी एरियर्स की राशि का भी पाई-पाई भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास के कार्यो के साथ भू-माफिया, खनन माफिया, नशे का कारोबार करने वाले, चिटफंड कंपनी बनाकर जनता को लूटने वाले तथा बेटियों से दुर्व्यवहार करने वालों और धर्मातरण कराने वालों को मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं रहने दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। मिलावट करने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। माफियाओं के कब्जे से आठ हजार करोड़ रुपये की कीमत की जमीन मुक्त कराई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा। नारी सुरक्षा और सम्मान के लिए पंख अभियान शुरू किया गया है। किसानों को फसल बीमा तथा किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है। किसानों को एक वर्ष में 83 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ दिया जा चुका है। जीरो प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की योजना पुन शुरू हो गई है। संबल योजना शुरू की जा रही है। इससे गरीबों को शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रसूति सहायता, बीमा सुरक्षा तथा अंत्येष्टि सहायता का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन के लिए मोबाइल के माध्यम से आय तथा निवास प्रमाणपत्र की सुविधा दी जाएगी। प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूह शानदार कार्य कर रहे हैं। उन्हें हाल ही में 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। लोकल को वोकल बनाने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास का कोई अवसर नहीं छोड़ा जाएगा। प्रदेश को विकसित करने के लिए पराक्रम की पराकाष्ठा करनी होगी। हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह और समाजसेवा का कोई एक कार्य करे। प्रदेश में नशामुक्ति तथा बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। जब हर प्रदेशवासी विकास में योगदान देगा तो प्रदेश की तस्वीर और तकदीर अवश्य बदलेगी।
समारोह में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश तथा प्रदेश के विकास को चित्रित करती हुई विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। मुख्यमंत्री चौहान ने इस अवसर पर उन्मुक्त आकाश में गुब्बारों का उड्डयन किया। उन्होंने परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान मध्यप्रदेश गान का गायन भी हुआ। पुलिस बल ने हर्ष फायर कर महामहिम राष्ट्रपति की जय का उद्घोष किया। इस मौके पर सुरक्षा बलों ने आकर्षक और मनोहारी परेड का प्रदर्शन किया।


