Jabalpur News Today – जिले में बढ़ते अपराधों की कड़ी में खितौला थाना क्षेत्र में हुई एक अंधी हत्या का खुलासा पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पहले अज्ञात समझी जा रही इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी थी, लेकिन पुलिस की सघन पड़ताल ने मामले की परतें खोल दीं।
घटना सकरी मोहल्ला, थाना खितौला क्षेत्र की है, जहां 5 दिसंबर 2024 की रात अज्ञात हमलावर ने मल्खे चक्रवर्ती (47 वर्ष) को गोली मार दी थी। घटना के बाद घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या के संबंध में धारा 103(1), 55, 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय ने टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसी क्रम में लल्लू उर्फ लालू चक्रवर्ती (40 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 17, सकरी मोहल्ला पर शक की सुई गई। पूछताछ में यह सामने आया कि मृतक मल्खे और लल्लू के बीच पुरानी व्यवसायिक रंजिश थी। कुछ समय पहले मल्खे का विवाद लल्लू के भाई चंदन चक्रवर्ती से हुआ था, जिसमें चाकूबाजी भी हुई थी और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
लल्लू ने पुलिस को बताया कि मृतक मल्खे उसकी दुकान में ग्राहकों से गाली-गलौज करता था, जिससे उसका व्यापार प्रभावित हो रहा था। इसी मनमुटाव के चलते लल्लू ने मल्खे को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और शैलेन्द्र पांडे नामक व्यक्ति से ₹50,000 में हत्या की सुपारी दी।
घटना की रात, जैसे ही मल्खे चक्रवर्ती दुकान में अकेले थे, लल्लू ने शैलेन्द्र को सूचना दी। योजना के अनुसार शैलेन्द्र ने मौके पर पहुंचकर मल्खे को पेट में गोली मार दी और पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
लल्लू चक्रवर्ती की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। वहीं दूसरा आरोपी शैलेन्द्र पांडे फिलहाल कटनी जेल में बंद है, जिससे आगे पूछताछ की अनुमति न्यायालय से ली जा रही है।
इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी खितौला श्रीमती अर्चना जाट, थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच श्री शैलेश मिश्रा, साइबर सेल और क्राइम टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका उल्लेखनीय रही।


