July 29, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जबलपुर – स्कूल में छात्र पर चाकू से हमला, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Jabalpur News Today। अधारताल थाना क्षेत्र के धनी की कुटिया के पास स्थित सिंबायसिस स्कूल में गुरुवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब 11वीं कक्षा के छात्र नमन पर स्कूल की छुट्टी के तुरंत बाद एक अज्ञात युवक ने चाकू से हमला करने की कोशिश की। हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए स्कूल गेट के पास पहले से घात लगाकर खड़ा था।

जैसे ही छात्र स्कूल से बाहर आया, आरोपी युवक अचानक उस पर चाकू लेकर झपट पड़ा। अपनी जान बचाने के लिए नमन दौड़ता हुआ सीधे स्कूल के ऑफिस में घुस गया। हमलावर भी उसके पीछे-पीछे अंदर घुसा और हमला करने का प्रयास किया, लेकिन समय रहते स्कूल स्टाफ ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और छात्र को बचा लिया। इस दौरान हाथापाई में छात्र के गले पर खरोंच आई है।

घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अधारताल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें पूरी घटना रिकॉर्ड मिली है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमरे ने बताया कि घायल छात्र नमन कंचनपुर क्षेत्र का निवासी है और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उसका इंस्टाग्राम पर मोहल्ले के एक युवक से विवाद हुआ था। इसी को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने हमलावर की पहचान कर ली है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

सूत्रों के अनुसार, करीब पंद्रह दिन पहले भी इसी स्कूल में एक ऐसी ही घटना हुई थी, लेकिन तब स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबा दिया था। छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर आपसी समझौते से मामला सुलझा लिया गया था ताकि स्कूल की छवि पर कोई आंच न आए।

यह घटना स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। छुट्टी के समय बाहरी लोगों का स्कूल में प्रवेश और छात्रों पर इस तरह के हमले चिंताजनक हैं। अभिभावक अब अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

अन्य ख़बरें

रेत माफिया के खिलाफ लॉ एनफोर्समेंट की कार्रवाई; 5.5 करोड़ कैश और 15 किलो सोना बरामद

Newsdesk

गुरुओं ने ही पढ़ाया मानवता और समरसता का पाठ

Newsdesk

होटल सिटी मैक्स में हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, देह व्यापार संचालित होने का लगाया आरोप; पुलिस ने संभाला मोर्चा

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading