April 10, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

युवक सुअरमार बम के साथ गिरफ्तार
मानेगांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई



जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मानेगांव में पुलिस ने देर रात एक युवक को सुअरमार बम के साथ गिरफ्तार कर बड़ी संभावित घटना को टाल दिया। आरोपी किसी के घर पर बम फेंकने की बात कर रहा था, जिसकी जानकारी मुखबिर से मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मानेगांव तालाब स्थित सामुदायिक भवन के सामने एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैठा है और वह बम फेंकने की बात कर रहा है। युवक ने लाल-सफेद रंग की अपर पहन रखी थी और उसके व्यवहार से आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को घेराबंदी कर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने घेरकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक स्वामी उर्फ अभी, पिता अजय स्वामी, उम्र 21 वर्ष, निवासी विकासनगर मानेगांव, रांझी बताया।
पुलिस द्वारा की गई तलाशी में आरोपी की अपर की दाहिनी जेब से एक सुअरमार बम बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इसके बाद आरोपी को थाने लाकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी अभिषेक स्वामी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ आबकारी और मारपीट से जुड़े चार मामले पहले ही दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है कि वह बम कहां से लाया, उसका उद्देश्य क्या था और वह इसे किस पर फेंकने की योजना बना रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम को निष्क्रिय कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और आरोपी के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते ऐसे अपराधों को रोका जा सके।

अन्य ख़बरें

स्वच्छता अभियान, नगर निगम की पहल से चमक उठीं शहर की गलियां और बैक-लेन

Newsdesk

शहर की सुरक्षा और सेहत से समझौता नहीं अवैध ब्रेड फैक्ट्री पर निगम की नजर

Newsdesk

नागरिकों को राहत प्रदान करने आवारा कुत्तों का बधियाकरण अभियान तेज, एक दिन में 31 कुत्तों का रेस्क्यू

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading