एचपीवी टीकाकरण में जनजागरूकता बढ़ाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश_
सिवनी- कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने सभी एसडीएम को ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जारी जल अभावग्रस्त आदेश के तहत बिना सक्षम अनुमति के नलकूप उत्खनन होना पाये जाने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को दल गठित कर नियमित निरीक्षण करने तथा उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जल स्रोतों के साथ ही नल-जल योजनाओं में लगाए गए अनाधिकृत पंपों को भी जब्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए सतत अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने नरवाई प्रबंधन को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को नरवाई प्रबंधन में उपयोगी कृषि उपकरणों एवं अन्य वैकल्पिक उपायों की जानकारी देने के लिए कृषि विभाग को सक्रिय रूप से कार्य करने को कहा। साथ ही हार्वेस्टर संचालकों की बैठक आयोजित कर एसएमएस उपकरण का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत विभागवार प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती पटले ने लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र तथा संबल योजना से संबंधित आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर 15 वर्ष में प्रवेश कर चुकी सभी बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासकीय एवं निजी विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित करने तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए शासन द्वारा उपलब्ध निशुल्क टीकाकरण के संबंध में पालकों की काउंसलिंग करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग को दिए।
उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही 19 मार्च से प्रारंभ हो रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जनगणना 2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्रीमती पटले ने निर्देश दिए कि अनुभागवार जनगणना पोर्टल में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों की प्रविष्टि समय-सीमा में पूर्ण की जाए तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि जनगणना कार्य सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा अन्य जन-अवेदनों पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे


