जबलपुर। शहर के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्मार्ट सिटी परियोजना को नया नेतृत्व मिल गया है। नगर निगम के अपर आयुक्त एवं वर्ष 2021 बैच के आईएएस अधिकारी अरविंद शाह ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया।
पदभार संभालने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि शासन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि स्मार्ट सिटी के चेयरमैन राघवेंद्र सिंह और कार्यपालिक निदेशक राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में टीम बेहतर परिणाम देगी।
नए सीईओ ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए नवाचार और त्वरित निर्णय प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजनाओं को जल्द से जल्द जमीन पर उतारने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
श्री शाह ने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और ‘स्मार्ट’ बनाने पर विशेष फोकस रहेगा, जिससे जबलपुर को एक विकसित और सुविधायुक्त शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।


