जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम भरथरी में शासकीय जमीन को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गड्ढा खोदने की बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर तनाव बना हुआ था, जो इस घटना के दौरान खुलकर सामने आ गया।
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि घायलों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में लगाई गई धाराओं में संशोधन किया जा सकता है। फिलहाल, पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।


