32.8 C
Jabalpur
April 18, 2026
सी टाइम्स
खेल

आईपीएल 2026: घरेलू दर्शकों के सामने आरआर से मुकाबला, जीत का खाता खोलने को बेताब केकेआर



कोलकाता, 18 अप्रैल । कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 28वां मैच ईडन गार्डन्स में आयोजित होगा। केकेआर की निगाहें इस मुकाबले को अपने नाम करते हुए जीत का खाता खोलने पर होंगी।

केकेआर ने आईपीएल 2026 में अब तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें 5 मुकाबले गंवाए, जबकि एक मुकाबला बारिश के चलते बेनतीज रहा। सिर्फ 1 अंक के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर है।



जहां एक ओर केकेआर घरेलू दर्शकों के सामने अपने प्रदर्शन में सुधार लाने की कोशिश करेगी, वहीं दूसरी तरफ आरआर लय को बरकरार रखते हुए अपने मजबूत अभियान पर पकड़ और मजबूत करना चाहेगी।



मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से मैच गंवाने के बाद केकेआर को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 65 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा। इस टीम को अपने पिछले तीन मुकाबलों में लखनऊ सुपर जायंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा है।



केकेआर की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में है, लेकिन टीम अभी तक लय हासिल नहीं कर पाई है। इस टूर्नामेंट में अब तक न तो बल्लेबाजी और न ही गेंदबाजी यूनिट एक साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन कर सकी हैं।



दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स ने 5 में से 4 मुकाबले जीते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 8 विकेट से मैच अपने नाम करने के बाद इस टीम ने गुजरात टाइटंस के विरुद्ध 6 रन से जीत दर्ज की थी। इसके बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 रन से मुकाबला अपने नाम किया और फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 6 विकेट से शिकस्त दी। हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद ने 57 रन से मात देकर आरआर का विजयरथ रोक दिया।



राजस्थान रॉयल्स इस सीजन की सबसे स्थिर टीमों में से एक बनकर उभरी है। रियान पराग की कप्तानी में रॉयल्स ने शांत और लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने कई अहम मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान की दौड़ में अपनी जगह मजबूती से बनाए रखी है।



केकेआर और आरआर के बीच यह मैच ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा, जो स्पिनर्स के हावी होने से पहले बड़े स्कोर वाले मुकाबलों के लिए जाना जाता है। दोनों टीमों का संयोजन और वे अपनी रणनीतियों को कैसे लागू करते हैं, यह बहुत महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।



आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 मैच खेले गए हैं, जिसमें केकेआर का पलड़ा भारी रहा है। केकेआर ने 16 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि आरआर ने 14 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। दो मुकाबलों में कोई नतीजा नहीं निकल सका है।



कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, मनीष पांडे, अंगकृष रघुवंशी, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, टिम सीफर्ट, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, रोवमैन पॉवेल, कैमरून ग्रीन, रचिन रवींद्र, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक।



राजस्थान रॉयल्स: रवींद्र जड़ेजा, दासुन शनाका, डोनोवन फरेरा, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, युद्धवीर सिंह चरक, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, नंद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, यश राज पुंजा, विग्नेश पुथुर, रवि सिंह, अमन राव, ब्रजेश शर्मा, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन।



अन्य ख़बरें

आईपीएल 2026: एसआरएच-सीएसके के बीच आगे निकलने की होड़, हेड-टू-हेड में हैदराबाद पीछे

Newsdesk

आईपीएल 2026: जीत की लय बरकरार रखने उतरेगी पीबीकेएस, एलएसजी के लिए मुश्किल होगी चुनौती

Newsdesk

आईपीएल 2026: केकेआर पर जीत के साथ ‘टॉप-4’ में जीटी, शुभमन गिल के सिर पर सजा ऑरेंज कैप

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading