जबलपुर। कांचघर निवासी युवक गौरव के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरक्षक योगेंद्र कुमार और तरुण मिश्रा को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही मामले की जांच सीएसपी गोरखपुर एम.एल. नागोतिया को सौंपते हुए जल्द रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि गौरव अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराने रामपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक गया था, जहां भीड़ के दौरान विवाद हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दोनों आरक्षकों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे चौकी ले गए। आरोप है कि वहां भी करीब पांच घंटे तक उसे बैठाकर रखा गया और पिटाई की गई।
गौरव ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उसका गला पकड़ा, थप्पड़ मारे और बेल्ट-डंडों से पीटा। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई। युवक ने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए हैं और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
दूसरी ओर गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल का कहना है कि युवक बैंक में उपद्रव कर रहा था और समझाने के दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
मामले को मीडिया में प्रमुखता से सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया गया। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


