जमुना कोतमा क्षेत्र में खुशी की लहर, 22 अप्रैल को दिल्ली से लौटेंगे प्रवीण कुमार
अनूपपुर,एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र के निवासी प्रवीण कुमार पटेल ने कड़ी मेहनत और लगन से यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 781वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। पिता रामजपन पटेल के पुत्र प्रवीण की इस उपलब्धि पर जमुना कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रवीण ने अपनी प्राथमिक शिक्षा भारत माता पब्लिक स्कूल, कोतमा से प्राप्त की। कक्षा 6 से 10वीं तक वे केंद्रीय विद्यालय, जमुना कॉलोनी में रहे। उच्चतर शिक्षा माइक्रो विजन हायर सेकेंडरी स्कूल, बुरहानपुर से पूरी की। मैकेनिकल इंजीनियरिंग भोपाल से करने के बाद दिल्ली से कोचिंग ली और यूपीएससी परीक्षा में सफलता पाई।
पिता रामजंपन पटेल एसईसीएल की आमाडांड खुली खदान परियोजना में फोरमैन (इलेक्ट्रिक विभाग) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि प्रवीण 22 अप्रैल को दिल्ली से घर लौट रहे हैं, जिसका सभी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।


